कुल्लू अपडेट,ग्लोबल एक्सेसिबिलिटी अवेयरनेस डे के अवसर पर सम्फिया संस्था द्वारा आज मनाली के प्रसिद्ध मॉल रोड पर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ नायब तहसीलदार मनाली हुकम सागर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।रैली में GSSS मनाली के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र हाथों में जागरूकता से जुड़े पोस्टर और स्लोगन लेकर मॉल रोड पर लोगों को “सुगमता (Accessibility)” के महत्व के प्रति जागरूक करते दिखाई दिए।इस अवसर पर सम्फिया की निदेशक डॉ. रेखा ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि”सम्फिया न केवल दिव्यांग बच्चों को विभिन्न प्रकार की थेरेपी सेवाएं प्रदान करता है, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु जागरूकता अभियान भी निरंतर चलाता है।वहीं संस्था के प्रोग्राम मैनेजर श्री बीजू हिमदल ने कहा”आज की रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों का ध्यान ‘एक्सेसिबिलिटी’ की ओर केंद्रित करना था, ताकि मॉल रोड स्थित सभी दुकानें और प्रतिष्ठान दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बन सकें। सम्फिया आगे भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”कार्यक्रम में तहसील वेलफेयर अधिकारी राजीव एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) मनाली की प्रधानाचार्या पुष्पा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने सम्फिया की इस पहल की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को दिव्यांगजनों के प्रति अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में सुमित और क्रिशन की उपस्थिति ने विशेष महत्व जोड़ा। ये दोनों व्हीलचेयर उपयोगकर्ता हैं, जिन्होंने मंच से जनता को संबोधित करते हुए सुगमता के अभाव में रोजमर्रा की होने वाली परेशानियों को साझा किया और जनमानस से समावेशी वातावरण तैयार करने की अपील की। उनकी बातों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और विषय की गंभीरता को और भी स्पष्ट किया।यह रैली न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम बनी, बल्कि एक समावेशी, संवेदनशील और सुलभ समाज के निर्माण की दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम भी साबित हुई।






