Search
Close this search box.

CBSE Olympiad: छात्रों के लिए रोबोटिक्स और एआई सीखने का मौका, सीबीएसई ने शुरू किया नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड

CBSE AI Olympiad: सीबीएसई ने ऑटोमोटिव सेक्टर में रुचि बढ़ाने के लिए ‘नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड’ शुरू किया है। छात्र 31 जुलाई 2025 तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

CBSE National Automobile Olympiad 2025 – फोटो : CBSE

विस्तार

CBSE National Automobile Olympiad 2025: ऑटोमोबाइल सेक्टर में युवाओं की रुचि उत्पन्न करने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड की शुरुआत की है। बोर्ड इसमें नेशनल ऑटोमोबाइल ओलंपियाड काउंसिल (एएसडीसी) का सहयोग ले रहा है। 

इस ओलंपियाड में छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों के साथ बातचीत करने, उभरती ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकियों में विविध करियर संभावनाओं का पता लगाने का अवसर मिलेगा। इस ओलंपियाड में छठीं से बारहवीं के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। हिस्सा लेने के लिए वह 31 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। 

क्या है इस ओलंपियाड का उद्देश्य?

सीबीएसई की ओर से इस संबंध में स्कूलों को एक परिपत्र भेजा गया है। सीबीएसई के अनुसार ऑटोमोटिव उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और अपनी उभरती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कुशल कार्यबल की मांग करता है। देश भर के छात्रों के बीच ऑटोमोटिव कौशल को बढ़ावा देने और विकसित करने के उद्देश्य से ही सीबीएसई ऑटोमोटिव कौशल विकास परिषद (एएसडीसी) के सहयोग से राष्ट्रीय ऑटोमोबाइल ओलंपियाड शुरू कर रहा है।

एएसडीसी के अध्यक्ष एफआर सिंघवी ने कहा कि मोबिलिटी इलेक्ट्रिक, कनेक्टेड और ऑटोनॉमस थीम के माध्यम से छात्र मेकाट्रॉनिक्स, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और सस्टेनेबल मोबिलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों से परिचित होंगे। इसके साथ ही वह इन क्षेत्रों में करियर की दिशा में सोच सकेंगे।

कौन-कौन छात्र ले सकते हैं हिस्सा?

इस ओलंपियाड के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। ओलंपियाड तीन स्तरीय होगी। पहले स्तर के तहत छठी से आठवीं के छात्र, दूसरे स्तर में नौवीं व दसवीं व तीसरे स्तर में ग्यारहवीं व बारहवीं के छात्र शामिल होंगे। 

क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिता अक्टूबर-नवंबर में जबकि राष्ट्रीय स्तर का फाइनल दिसंबर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी, इसमें सभी शिक्षा बोर्ड के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। 

बोर्ड ने संबद्ध स्कूलों के प्राचार्यों से अनुरोध किया है कि वे अपने छात्रों को राष्ट्रीय ऑटोमोबाइल ओलंपियाड में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करें और छात्रों को ऑटोमोटिव क्षेत्र में व्यावहारिक कौशल और ज्ञान से सशक्त बनाएं।अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज