कुल्लू अपडेट,मैन्युअल स्कैवेंजर एक्ट 2013 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता समिति की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि इस एक्ट के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता समिति का गठन किया गया है, जिसका मुख्य कार्य जिला में मैन्युअल स्कैवेंजर एक्ट 2013 के प्रावधानों अंतर्गत अपेक्षित कार्यवाही की समीक्षा करना है।
उन्होंने विभाग के अधिकारियो को निर्देश दिए कि समिति के सभी सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों से सम्बन्धित मुद्दों पर चर्चा कर सुनिश्चित करें कि इस एक्ट को अक्षरशः लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला के सभी स्थानीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को दिए जा रहे हैं अवकाश, न्यूनतम वेतन एवं तथा ग्रेच्युटी आदि का रिकॉर्ड जांच कर आवश्यक प्रावधानों अनुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि उक्त प्रावधानों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए सभी नगर निकायों सहित सफ़ाई कार्य करवाने वाले ठेकेदारों को पत्राचार कर इसकी सूचना मांगी गई है।
बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्ष में दो बार स्थानीय निकाय एवं अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच करवाना आवश्यक है तथा सफ़ाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण प्रदान करना भी अनिवार्य है।
बैठक में विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।





