
कुल्लू अपडेट,हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ग्राम्फू में सोमवार शाम को हरियाणा के सोनीपत नंबर की एक टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार मनाली के नागरिक और मिशन अस्पतालों में चल रहा है, वहीं कुछ गंभीर मरीजों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मंगलवार प्रातः अस्पताल पहुंचकर सभी घायलों का कुशलक्षेम जाना और चिकित्सीय प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक-संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि घायल पर्यटकों से बातचीत के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हादसा चालक की घोर लापरवाही के कारण हुआ। पर्यटकों ने ट्रैवल कंपनी से चालक के असंवेदनशील और असावधान व्यवहार की शिकायत की थी, लेकिन कंपनी ने इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने संबंधित राज्य सरकार से इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं जहां एक ओर मानवीय दृष्टिकोण से अत्यंत पीड़ादायक हैं, वहीं यह हिमाचल प्रदेश की पर्यटन छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं।
हादसे के पश्चात से ही नगर परिषद मनाली की पार्षद चंद्रा पदान, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा मनाली मंडल की महामंत्री श्रीमती नीलम ठाकुर, तथा रोटरी क्लब मनाली के सदस्य यश ठाकुर लगातार अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों की सहायता कर रहे हैं, जो सराहनीय है।




