
मनाली में हिडिंबा रोड़ पर लगा पर्यटक वाहनो का जाम।
मनाली के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर जाम में फंस रहे पर्यटक
अतिरिक्त पुलिस बल न मिलने से मुश्किल यातायात नियंत्रण
मनाली। पर्यटन नगरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से रौनक बढ़ गई है। पर्यटकों के साथ वाहनों की संख्या भी कई गुना ज्यादा बढ़ गई है। इससे सड़क पर वाहनों की लाइन लग रही है।
सीजन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी नहीं मिला है। इस वजह से मनाली में यातायात नियंत्रण मुश्किल हो गया है। शुक्रवार से वीकेंड के चलते पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। इससे जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
मनाली घूमने आए पर्यटक वीरवार को विभिन्न पर्यटन स्थलों की सड़कों पर जाम में फंस गए। घंटों तक जाम लगने के कारण पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मनाली में समर सीजन इस बार देरी से शुरू हुआ। वीकेंड में मनाली आने वाले पर्यटक वाहनों का आंकड़ा 4,000 के करीब पहुंच रहा है। अव्यवस्था ऐसी है कि वीरवार को वशिष्ठ, ओल्ड मनाली और हिडिंबा मंदिर को जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इस वजह से रोजमर्रा के कार्य से बाजार आने वाले स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालत यह है कि यातायात नियंत्रण का जिम्मा होमगार्ड जवानों के हवाले है। हिमाचल पुलिस मुख्यालय से पर्यटन सीजन के लिए मांगी गई पुलिस की चार रिजर्व अभी तक नहीं मिली। उधर, डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। इससे कई जगह पर जाम की स्थिति बन रही है। मनाली पुलिस और होमगार्ड के जवान सेवा दे रहे हैं। वाहनों को बारी बारी छोड़ा जा रहा है, जिससे ज्यादा देर पर्यटकों को परेशानी न हो।
—



