Search
Close this search box.

सुंदरनगर में चिट्टे की खेप के साथ कॉलेज का छात्र गिरफ्तार, 3 साथी माैके से फरार

मंडी जिला के अंतर्गत सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर पुलिस की उपमंडलीय विशेष जांच इकाई (एसआईयू) टीम ने गुरुवार देर रात एक युवक को 23 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

सुंदरनगर (: मंडी जिला के अंतर्गत सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर पुलिस की उपमंडलीय विशेष जांच इकाई (एसआईयू) टीम ने गुरुवार देर रात एक युवक को 23 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, उसके 3 अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार किया गया युवक स्थानीय कॉलेज में बीए फाइनल ईयर का छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस ने इस संबंध में बीएसएल थाना सुंदरनगर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी  दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने को सौंप दिया गया है, जबकि फरार हुए 3 अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने तलाशी अभियान छेड़ दिया है।

जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर स्थित जट्टा रा नाला के पास 4 लाेग चिट्टे की खेप के साथ मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर एसआईयू टीम ने सहायक एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में एक विशेष योजना बनाई। टीम में आरक्षी (कांस्टेबल) कुलदीप कुमार, सतीश कुमार और उपेश राणा भी शामिल थे।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही टीम के सदस्य वहां पहुंचे ताे कार में बैठे तीन लोगों को पुलिस पर संदेह हुआ और वे अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। इस बीच चौथा आरोपी जोकि एक स्कूटी पर था, दूसरी दिशा में भागने लगा और भागते हुए उसने अपनी पैंट की जेब से एक पैकेट बाहर फैंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। जब उसके द्वारा फैंके गए पैकेट की जांच की गई, तो उसमें चिट्टा पाया गया, जिसका वजन 23 ग्राम निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शांतनु भारद्वाज के रूप में हुई है, जोकि गांव और डाकघर पुजाली नंबर-3, तहसील टिक्कर, जिला शिमला का निवासी है। शांतनु ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि मौके से फरार हुए उसके साथियों में सुंदरनगर नगर परिषद के घाड़ा निवासी पाले खान और अभिनव, तथा चतरोखड़ी निवासी क्षितिज शामिल थे। शांतनु ने यह भी बताया कि पकड़ी गई चिट्टे की खेप उन चारों को आपस में बराबर बांटनी थी।

पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि फरार हुए तीनों युवकों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज