ग्राम पंचायत बल्ह-बलवाणा के अंतर्गत सतलुज नदी में डूबी महिला का शव कई दिन की तलाश के बाद शुक्रवार को गोबिंदसागर झील के मलरांव क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी ज्ञान चंद निवासी बल्ह-बलवाणा, डाकघर चांदपुर व तहसील सदर गत 15 जून को सतलुज नदी के किनारे घास काट रही थी। इस दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया और वह नदी में गिरकर लापता हो गई। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी थी, जिसके बाद महिला की तलाश जारी थी।
लगातार खोजबीन और गोताखोरों की मदद से शुक्रवार को उसका शव गोबिंदसागर झील के मलरांव इलाके से बरामद हुआ। शव की पहचान परिजनों द्वारा की गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की दुर्घटनावश मौत हुई है और सदर पुलिस थाना की टीम द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।