Search
Close this search box.

नोबेल पुरस्कार मुझे नहीं मिलेगा… पाकिस्तान ने भेजा नाम तो डोनाल्ड ट्रंप का छलका दर्द, बताया क्यों?

Nobel Prize Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम पाकिस्तान ने नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकित किया है. लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह चाहे जो कुछ भी कर लें, उन्हें यह नहीं मिलेगा.

हाइलाइट्स

  • डोनाल्ड ट्रंप का नाम पाकिस्तान ने नोबेल पुरस्कार के लिए भेजा
  • ट्रंप ने नोबेल पुरस्कार को लेकर बयान दिया है
  • ट्रंप ने कहा कि मैं चाहे जितने युद्ध रुकवा दूं यह मुझे नहीं मिलेगा

वाशिंगटन: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान में से एक नोबेल पुरस्कार के लिए पाकिस्तान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भेजा है. नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नाम भेजे जाने के बाद से डोनाल्ड ट्रंप का दर्द छलक उठा है. ट्रंप का कहना है कि ‘मैं चाहे जो भी कर लूं, मुझे नोबेल नहीं मिलेगा, क्योंकि ये सिर्फ लिबरल्स को ही दिया जाता है.’ पाकिस्तान की सरकार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐलान किया कि उसने डोनाल्ड ट्रंप का नाम नोबेल पीस प्राइज के लिए इसलिए भेजा है क्योंकि उन्होंने हालिया भारत-पाक तनाव के दौरान ‘निर्णायक कूटनीतिक हस्तक्षेप’ किया. हालांकि पाकिस्तान अमेरिका को अपने नमक का कर्ज अदा कर रहा है, जबकि भारत इस दावे को खारिज करता रहा है कि शांति ट्रंप की वजह से हुई.

‘मुझे नहीं मिलेगा नोबेल पुरस्कार’

रवांडा और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बीच अमेरिका ने मध्यस्थता करा दी है. ट्रंप ने इस शांति समझौते को ‘दुनिया के लिए महान दिन’ बताया. यह समझौता वाशिंगटन में तीन दिन की बातचीत के बाद हुआ है और 27 जून को इसके दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होंगे. लेकिन इस सफलता के बाद ट्रंप का गुस्सा फिर नोबेल कमेटी पर फूटा. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘कांगो-रवांडा, भारत-पाक, सर्बिया-कोसोवो, मिस्र-इथियोपिया, मिडिल ईस्ट का अब्राहम समझौता… मैं चाहे कुछ भी कर लूं, मुझे नोबेल नहीं मिलेगा.’

ट्रंप ने कहा, ‘अगर सब ठीक रहा तो अब्राहम समझौते में और देश जुड़ेंगे और मिडिल ईस्ट पहली बार एक हो जाएगा. लेकिन फिर भी नोबेल नहीं मिलेगा… क्योंकि ये सिर्फ लिबरल्स के लिए है.’ इससे पहले पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने भी ट्रंप को नोबेल के लिए नामित करने की सिफारिश की थी. इसके बाद ट्रंप और मुनीर की वाइट हाउस में लंच मीटिंग भी हुई थी.

नोबेल शांति पुरस्कार क्या है?

नोबेल शांति पुरस्कार दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है. यह उन लोगों या संस्थाओं को दिया जाता है जो दुनिया में शांति के लिए असाधारण योगदान देते हैं. इस पुरस्कार की शुरुआत स्वीडिश वैज्ञानिक और डायनामाइट के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल ने की थी. उन्होंने अपनी वसीयत में कहा था कि उन्होंने जो संपत्ति छोड़ी है, उससे हर साल कुछ क्षेत्रों में पुरस्कार दिए जाएं. नोबेल शांति पुरस्कार उन्हीं में से एक है.

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज