हिमाचल अपडेट,शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता की।
मुख्यमंत्री ने बैठक में पैलिएटिव देखभाल की आवश्यकता वाले गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र लाभार्थियों, विशेषकर वृद्धजनों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में शीघ्र ही पैलिएटिव देखभाल अभियान शुरू करेगी।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने बैठक में हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नए हिमकेयर आवेदक अब तिमाही आधार पर योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे, जिसके पश्चात उन्हें हिमकेयर कार्ड जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार 41.62 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 49 नए डायलिसिस केंद्र स्थापित करेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा, विशेष सचिव नीरज कुमार जी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




