हिमाचल अपडेट,हिमाचल प्रदेश में देश का सबसे ऊंचा आइस हॉकी रिंक लाहौल-स्पीति जिले के काजा में बनाया जाएगा। आइस हॉकी को बढ़ावा देने के लिए यहां पर खेल प्रशिक्षण केंद्र और आधुनिक खेल परिसर भी बनाया जाएगा। बीते शनिवार को केंद्रीय संसदीय कार्य व जनजातीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने काजा में उच्च ऊंचाई खेल प्रशिक्षण केंद्र, आइस हॉकी रिंक और अत्याधुनिक खेल प्रशिक्षण परिसर की नींव रखी। इस अवसर पर मंडी लोकसभा की सांसद कंगना रनौत मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत इन खेल सुविधाओं पर लगभग 72 करोड़ खर्च किए जाएंगे। यह केंद्र विशेषकर युवाओं के लिए खेल प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। इससे न केवल आइस हॉकी जैसे शीतकालीन खेलों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन के तहत इन परियोजनाओं का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाना, खेल पर्यटन को प्रोत्साहित करना और क्षेत्रीय विकास को गति देना है। उन्होंने काजा को एक प्रमुख खेल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा, पूर्व विधायक रवि ठाकुर भी मौजूद रहे।










