
कुल्लू अपडेट,बीते कल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा के विभागाध्यक्षों एवं फ़ैकल्टी सदस्यों के साथ चर्चा कर स्टाफ़ की आवश्यकताओं की समीक्षा की और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों एवं उपकरणों के संबंध में फ़ीडबैक प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने के लिए 1,730 करोड़ रुपये निवेश करेगी, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा और प्रदेशवासियों को राज्य में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साथ ही, पैरा-मेडिकल स्टाफ़, नर्सों, तकनीशियनों एवं अन्य सहायक कर्मचारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। टांडा मेडिकल कॉलेज में जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफ़री (GNM) की सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी और बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।




