Search
Close this search box.

तस्कर की एक करोड़ की संपत्ति सीज, कांगड़ा पुलिस की एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई

कांगड़ा के नशे के सौदागर पर पुलिस की कार्रवाई से हडक़ंप, कारोबार में शामिल लोगों पर नजर

कांगड़ा पुलिस के नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत कांगड़ा के चिट्टा तस्कर पवन कुमार की एक करोड़ सात लाख की संपत्ति सीज की गई है। कांगड़ा पुलिस की एक सप्ताह में ही ड्रग तस्करों पर दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई है। इससे पहले हाल ही में धर्मशाला रक्कड़ के छप्पन सिंह की सवा करोड़ की संपत्ति को सीज किया गया था। दिल्ली प्राधिकरण से ड्रग तस्कर से सहमति मिली है। अब पुलिस विभाग की ओर से अन्य नशा तस्करों पर नजर रखी जा रही है। जिला कांगड़ा के ड्रग तस्कर पवन कुमार की एक करोड़, छह लाख, 13 हजार 67 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। कांगड़ा पुलिस द्वारा पारित फ्रीज के आदेश को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, एसएएफईएम एवं एनडीपीएसए दिल्ली से सहमति मिली है। इनमें दो मकान व अन्य संपत्तियां 87 लाख 77 हजार 67 तथा सोने व चांदी के गहने 18 लाख 36 हजार मूल्य की है। कुल जब्त की गई संपत्ति का मूल्य एक करोड़, छह लाख 13 हजार है। इसके अलावा, जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा पूर्व में भी एक करोड़, 78 लाख, 71 हजार 816 की अवैध संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की जा चुकी है।

छह नवंबर, 2024 को पवन कुमार पुत्र स्व. सुरिंद्र कुमार निवासी गांव अरला जिला कांगड़ा को 26.10 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत एफआईआर संख्या 180/24 छह नवंबर, 2024 दर्ज की गई थी। यह अपराध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दस वर्ष या उससे अधिक की सजा के अंतर्गत आता है। जब्त की गई संपत्तियों को न तो बेचा जा सकता है, न खरीदा जा सकता है, और न ही किसी अन्य प्रकार से उपयोग में लाया जा सकता है। जब तक कि पुलिस थाना प्रभारी या सक्षम प्राधिकारी दिल्ली से अनुमति प्राप्त न हो। इससे पूर्व भी उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले पहला 27/19 (22 फरवरी,2019), दूसरा 09/20( आठ जनवरी, 2020), तीसरा 189/20 दिनांक (दो अक्तूबर, 2020), चौथा 19/23 दिनांक (दो फरवरी, 2023) व पांचवां 109/23 दिनांक (15 जुलाई, 2023) दर्ज हैं।

नशा बेचने वालों की खैर नहीं

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री ने बताया कि यह न केवल कांगड़ा पुलिस की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता का प्रमाण है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि नशे के व्यापार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज