
थल्ली-गडफरी सडक़ बही, खेतों में मलबा भरने से मक्की की फसल बर्बाद
चुराह उपमंडल में मंगलवार सुबह मूसलाधार बारिश के पंगोला नाले में बाढ़ आने से थल्ली- गडफरी संपर्क मार्ग का काफी हिस्सा बह गया है। इसके चलते इन पंचायतों को संपर्क उपमंडल व जिला मुख्यालय से कट गया है। इसके साथ ही उपमंडल की चरोडी पंचायत में भी बारिश ने खूब कहर बरपाया है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी मक्की की फसल तबाह हो गई है। उपमंडल की चरोड़ी पंचायत में भी बारिश का खूब कहर बरपा है।
बारिश से जहां मक्की फसल तबाह हो गई है, वहीं खेत मिट्टी से भर गए हैं। उल्लेखनीय है कि चंबा जिला में इन दिनों चुराह उपमंडल में बारिश का कहर बरप रहा है। रविवार को भी कठवाड़ के उपरी हिस्से में बादल फटने से आई बाढ़ से कंगेला नाले पर निर्मित पुल बह गया था। बहरहाल, मंगलवार सुबह चुराह में बारिश ने काफी नुकसान किया है।
बड़सर में शुक्कर खड्ड में बही प्रवासी महिला का शव एक किलोमीटर दूर धबीरी से बरामद
बड़सर। शुक्कर खड्ड में बरसात के तेज बहाव में बही प्रवासी महिला का शव घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मंगलवार सुबह घोड़ी-धबीरी श्मशानघाट के साथ शुक्कर खड्ड से बरामद किया गया है। दियोटसिद्ध पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उपमंडल बड़सर की शुक्कर खड्ड में एक प्रवासी महिला पानी के तेज बहाव में रविवार को बह गई थी। बिहार के दरभंगा जिला की रहने वाली 35 वर्षीय किरण और उसका परिवार खड्ड से रेत निकालने का काम करता है।
पति व आसपास के लोगों ने उसे बचाने की भ्रसक कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में आंखों से ओझल हो गई। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर का कहना है कि शुक्कर खड्ड के तेज बहाव में बही प्रवासी मूल की महिला का शव मंगलवार सुबह घोड़ी-धबीरी खड्ड में श्मशानघाट के पास बरामद किया है।



