Search
Close this search box.

प्रशासन की नहीं मानी सलाह, सीएम सुक्खू ने थुनाग में आपदा प्रभावितों के बीच बिताई रात

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सिराज विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों के साथ थुनाग विश्राम गृह में पूरी रात बिताई।

थुनाग/मंडी : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सिराज विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों के साथ थुनाग विश्राम गृह में पूरी रात बिताई। यहां पर राहत शिविर स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के दुख-दर्द को सांझा करते हुए उनके साथ संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में रात 2 बजे के बाद भारी बारिश की चेतावनी के तहत रैड अलर्ट जारी किया गया था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में न रुकने बारे सलाह दी थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अधिकारी उनसे बार-बार थुनाग में न रुकने का आग्रह कर रहे थे, इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों के बीच रहकर उन्हें संबल प्रदान करने व उनकी पीड़ा को सांझा करने का निर्णय लिया।

थुनाग विश्राम गृह मंडी जिला की सबसे बड़ा राहत शिविर है, जिसमें इस समय 130 आपदा प्रभावितों ने शरण ली है, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले इन प्रभावितों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का स्वयं निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को संदेश भी दिया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता दिखाने और सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र प्रभावितों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। शिविर में माैजूद लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री के संवेदनशील निर्णय ने न केवल प्रभावितों में भरोसा पैदा किया है, बल्कि यह भी संदेश दिया है कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में अपने नागरिकों के साथ खड़ी है।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज