Search
Close this search box.

लाहाैल की चोटियों पर हल्की बर्फबारी, मानसून में अब तक 92 लोगों की गई जान, 249 सड़कें बाधित

प्रदेश के कई भागों में बारिश लगातार जारी है। लाहौल घाटी में रात को बारिश के साथ चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। 

लाहाैल की चोटियों पर हल्की बर्फबारी। 

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश लगातार जारी है। लाहौल घाटी में रात को बारिश के साथ चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। बारिश से लाहौल के किसान-बागवानों ने राहत की सांस ली है। सूखे जैसे हालत होने से यहां मटर सहित दूसरी फसलों को नुकसान हो रहा था। वहीं बर्फ से घाटी की ऊंची चोटियां सफेद हो गई हैं और ठंड भी बढ़ गई है। वहीं कुल्लू जिले में भी रातभर भारी बारिश हुई। ब्यास के साथ जिला के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। राज्य में शनिवार सुबह 10:00 बजे तक दो नेशनल हाईवे सहित 249 सड़कें बाधित रहीं। इसके अतिरिक्त 463 बिजली ट्रांसफार्मर और 781 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। सबसे अधिक 207 सड़कें, 272 बिजली ट्रांसफार्मर व 175 जल आपूर्ति स्कीमें आपदा ग्रस्त मंडी जिले में प्रभावित हैं। वहीं कांगड़ा जिले के उपमंडल धर्मशाला, नूरपुर व देहरा में 606 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। 

1,184 से अधिक कच्चे-पक्के घर तबाह
उधर, सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से अब तक बादल फटने, भूस्खलन व बाढ़ में 92 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 172 लोग घायल हुए हैं और 33 अभी लापता हैं। 1,184 से अधिक कच्चे-पक्के घर, दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। 779 गोशालाओं को भी भारी नुकसान हुआ है। जबकि 881 पशुओं की माैत हो गई। नुकसान का आंकड़ा 75,178.70 लाख रुपये पहुंच गया है। इनमें से अधिकतर नुकसान आपदा प्रभावित मंडी जिले में ही हुआ है। 36 लोगों की सड़क हादसे में माैत हुई है। 

मंडी-कुल्लू  एनएच पर तीन जगह भूस्खलन
उधर, मंडी से कुल्लू को जोड़ने वाला एनएच भारी बारिश के चलते शनिवार रात करीब 12:00 बजे के आसपास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण बंद हो गया। डयोड के पास तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए भूस्खलन से यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर रात को 12:00 बजे नौ मील के सेफ जोन में ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।  पर्यटक वाहन, ट्रक, बसें और स्थानीय लोगों के वाहन रातभर फंसे रहे। सुबह करीब 10:00 बजे तक हाईवे को एक तरफा आवाजाही के लिए बहाल किया। पड़ोह के पास कैंची मोड़ में हाईवे बंद होने से हजारों लोग फंसे रहे। सड़क बंद होने से एक बरात भी इसमें फंस गई। पंहोह पुलिस की टीम ने दूल्हे को वहां से निकाल कर दूसरे वाहन में भेज दिया।

कुछ स्थानों पर छह दिन भारी बारिश का अलर्ट
बीते 24 घंटों के दाैरान मुरारी देवी में 126.0, पंडोह 79.0, स्लापड़ 67.7, कोठी 60.4, मंडी 53.2, जोगिंद्रनगर 53.0, भुंतर 47.6, भराड़ी 40.0, सराहन 35.0, नीरो में 34.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के कई भागों में 18 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 13 से 18 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 13, 14, 15 और 18 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 12 जुलाई को कुछ स्थानों पर और 16 और 17 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज