
पुलिस ने मामला दर्ज कर दबोचा आरोपी, नौ दिन बाद सामने आई सच्चाई
औद्योगिक नगर परवाणू से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूल जा रही एक 16 वर्षीय नाबालिग लडक़ी को एक युवक द्वारा बहला फुसलाकर बाइक पर अगवा कर हरियाणा के कालका ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। यह सनसनीखेज वारदात पहली जुलाई को घटित हुई। हालांकि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता की मां ने दस जुलाई को पुलिस थाना परवाणू में मामला दर्ज करवाया। दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक संजू निवासी प्राथा कसौली, 21 वर्ष ने नाबालिग लडक़ी को धमकी दी थी कि यदि उसने यह बात अपने माता-पिता या किसी अन्य को बताई, तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा।
डर के चलते पीडि़ता ने यह बात घरवालों को कुछ दिन बीत जाने के बाद नौ जुलाई को बताई, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज हुआ। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए परवाणू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग से धोखाधड़ी और जबरदस्ती की गई।



