
सीमेंट की आड़ में नशे की तस्करी, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस किया दर्ज
मनाली-लेह मार्ग पर सरचू में लाहुल-स्पीति पुलिस ने शराब से लदा ट्रक पकड़ लिया है। सीमेंट के साथ ट्रक में अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक पर कार्रवाई अमल में लाई है। मामले की जांच जारी है। एसपी लाहुल-स्पीति इल्मा अफरोज ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला लाहुल-स्पीति पुलिस ने सर्चू चेक पोस्ट पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई नियमित गश्त और ट्रैफिक चेकिंग के दौरान की गई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक नंबर एचपी-24 ई-2740 जो मंडी से लेह की ओर जा रहा है, में अवैध रूप से शराब छिपाकर ले जाई जा रही है।
सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रभारी थाना केलांग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रक को 10 जुलाई शाम साढ़े सात बजे रोका। चालक की पहचान देवेंद्र निवासी गांव बगा तह. चच्योट जिला मंडी के रूप में की गई। ट्रक की स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली गई। जिसमें से 235 पेटियां विदेशी शराब मार्का रम बरामद की गईं। जिनमें प्रत्येक पेटी में 750 मिली लीटर की 12 बोतलें थीं। इसके साथ ही ट्रक से 250 बैग सीमेंट सुरक्षा ब्रांड भी पाए गए। चालक द्वारा शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध परमिट, लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया, जो कि हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39(1)(ए) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चाकल पर कार्रवाई कर ट्रक, शराब व सीमेंट को जब्त कर सीज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि शराब को सीमेंट की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था और इसका उद्देश्य राज्य की सीमा पार वितरण करना था। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



