
कांगड़ा बस स्टैंड पर 11 जुलाई की रात एक महिला के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में कांगड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 6 लोगों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। यह घटना 11 जुलाई की रात को प्रकाश में आई, जब पुलिस को 112 पर एक कॉल के माध्यम से बस स्टैंड पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीडि़ता का बयान दर्ज किया। उसी रात भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 75 (छेड़छाड़), 115(2) (गलत तरीके से रोकने या अवरोधित करने का प्रयास) और 3(5) (आपराधिक साजिश या उकसाना) के तहत एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले दिन सुबह ही पहले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
इस संवेदनशील मामले में कांगड़ा पुलिस ने न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी दिखाई है, बल्कि पीडि़ता और उसके परिवार की सुरक्षा और सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है। थाना प्रभारी (एसएचओ) कांगड़ा और उनकी टीम ने पीडि़ता और उसके परिवार को सुरक्षित आवास और भोजन उपलब्ध कराया है, जो पुलिस की संवेदनशीलता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उधर, एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री का कहना है कि कांगड़ा पुलिस ने इस मामले में अपनी त्वरित कार्रवाई और जनता की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।



