
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने 33 पदों पर स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर की भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में जनरल मैनेजर, असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट और डिप्टी मैनेजर के पद शामिल हैं। एसबीआई की ये वैकेंसी खासतौर पर उन उम्मीदवारों के लिए हैं, जिन्होंने बीटेक/बीई, एमई/एमटेक या एमसीए जैसी तकनीकी डिग्रियां हासिल की हैं। साथ में अन्य अनुभव भी जरूरी हैं। आवेदन की प्रक्रिया 11 जुलाई 2025 से शुरू हो चुकी है और 31 जुलाई 2025 तक उम्मीदवार एसबीआईकी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जारी इस भर्ती में कुल 33 पद शामिल हैं, जिनमें जनरल मैनेजर (ऑडिट) का एक पद है, जिसकी सालाना सैलरी (सीटीसी) एक करोड़ रुपए तक हो सकती है। इसके अलावा असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट (ऑडिट) के 14 पद हैं, जिनकी सालाना सीटीसी 44 लाख रुपए तक है। वहीं डिप्टी मैनेजर (ऑडिट) के लिए 18 पद रखे गए हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा भी अलग-अलग तय की गई है, जनरल मैनेजर के लिए न्यूनतम आयु 45 वर्ष और अधिकतम 55 वर्ष रखी गई है। असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट के लिए उम्मीदवार की आयु 33 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि डिप्टी मैनेजर के लिए यह सीमा 25 से 35 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।



