Search
Close this search box.

बिलासपुर प्रतिबंध के बावजूद हाे रहा मछलियाें का शिकार, विभाग ने 132 चालान कर वसूला लाखाें रुपए का जुर्माना

प्रदेश मत्स्य विभाग ने 15 जून से 15 अगस्त तक मत्स्य आखेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, बावजूद इसके कुछ लोग प्रतिबंधित काल के दौरान मत्स्य आखेट करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

बिलासपुर : प्रदेश मत्स्य विभाग ने 15 जून से 15 अगस्त तक मत्स्य आखेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, बावजूद इसके कुछ लोग प्रतिबंधित काल के दौरान मत्स्य आखेट करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस दौरान मछलियों की प्रमुख प्रजातियों का प्राकृतिक प्रजनन काल होता है। इसी कारण इस अवधि में मत्स्य आखेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाता है, ताकि जलाशयों में मछली बीज का प्राकृतिक संचयन बना रहे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रतिबंधित काल में प्रदेश के जलाशयों में मछली पकड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विभागीय टीमों ने अब तक 132 चालान किए हैं और आरोपियों से 1,31,050 रुपए का जुर्माना वसूला है।

सबसे ज्यादा जुर्माना पौंग डैम में किया
जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा प्रतिबंधित काल में मत्स्य आखेट करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। जिसके तहत गोबिंद सागर झील व कोलडैम में 20 कैंप व एक उड़नदस्ता, पौंग डैम में एक उड़नदस्ता व 17 कैंप, चंबा के रणजीत सागर व चमेरा डैम के लिए पांच कैंप व एक उड़नदस्ता गठित किया है। विभाग द्वारा गठित इन टीमाें ने चंबा में 11 चालान काटकर 12,000 रुपए, सोलन में 4 चालान कर 3000 रुपए, पालमपुर में 6 चालान कर 3900 रुपए, नाहन में 6 चालान करके 3900 रुपए जुर्माना वसूला है। इसी प्रकार हमीरपुर में 15 चालान करके 6400 रुपए, पतलीकूहल में 16 चालान करके 11,900 रुपए, मंडी में 18 चालान कर 20,200 रुपए, बिलासपुर में 26 चालान कर 18,900 रुपए व पाैंग डैम में सर्वाधिक 46 चालान करके 40,500 रुपए का जुर्माना वसूल किया है।

2 वर्ष कारावास और 3000 रुपए तक जुर्माने का है प्रावधान 
जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित काल में 15 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ने पर दो वर्ष तक के कारावास और 3000 रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 6300 से अधिक मछुआरे मत्स्य आखेट के कार्य से अपनी आजीविका चला रहे हैं।

प्रतिबंधित काल में न करें मछली का शिकार : विवेक चंदेल
मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी विवेक चंदेल ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध मछली शिकार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उड़न दस्तों और कैंपों को सक्रिय रखा गया है। अब तक 132 चालान कर 1,31,050 रुपए का जुर्माना वसूल किया है। लोगाें से आग्रह है कि वह प्रतिबंधित काल में मछली न पकड़ें ताकि मछली सही ढंग से प्रजनन कर सके। 

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज