
कुल्लू अपडेट,जिला कुल्लू पुलिस लगातार नशा माफिया के खिलाफ अभियान छेड़ रही है और आज पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गोम्पा रोड स्थित नवीन पार्किंग के समीप एक रिहायशी मकान में दबिश देकर एक युवक और युवती को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.140 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की निवासी उमरी विजर्ग, डाकघर रेरिया, तहसील डेरापुर, जिला कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) और एक युवती निवासी टिक्कावनी, डाकघर योल कैंट, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से नशे की खेप की खरीद-फरोख्त और सप्लाई चैन के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आगामी जाँच जारी है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



