Search
Close this search box.

15 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, नकली सोने के गहने देकर लगाया था चूना

पुलिस थाना नादौन के तहत नकली सोने के गहने देकर 15 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

हिमाचल प्रदेश के पुलिस थाना नादौन के तहत नकली सोने के गहने देकर 15 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बबलू पुत्र जेठिया निवासी देवलोदा रावणपांडा तहसील बलई जिला दुर्ग (छतीसगढ़) और देवी पत्नी देवा निवासी आकाश बिहार, गली नंबर 4 चंचल पार्क दिल्ली के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया गया है।

कोर्ट ने आरोपियों को पांच दिन का पुलिस रिमांड दिया है। मामले में गांव कोट के करतार चंद ने 5 जून को थाना नादौन में शिकायत दी थी। ठगी के आरोपी ने पहले शिकायतकर्ता को असली सोना दिखाया। उसके बाद नकली गहने थमाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायकर्ता को झांसे में लेने के लिए पहले आरोपी ने शिकायतकर्ता से घी खरीदा। इसके बाद शिकायतकर्ता को कहा कि उसे खेत में सोना मिला है। सोने को वह बेचना चाहता है, क्योंकि अपनी बहन की शादी के लिए रुपयों की जरूरत है।

अज्ञात व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को दो मनके सोने के दिए तथा कहा कि सुनार से चैक करवा लो, तभी इसकी कीमत चुकाना। शिकायतकर्ता ने सुनार से सोने के दोनों मनके चैक करवाए। सुनार ने कहा कि यह शुद्ध सोना है। इसके बाद शिकायतकर्ता को भरोसा हो गया तथा उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को नादौन में बुलाया, जहां उसके साथ एक अन्य व्यक्ति व महिला भी थी। आरोपी ने शिकायतकर्ता को सोने के मनकों की एक माला दी व शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपये की धनराशि ले ली। बाद में जब शिकायतकर्ता ने वह सोने की माला के मनके चैक करवाए तो वे जाली पाए गए। कोई अन्य धातु के मनके देकर धोखाधड़ी की है।

नकली सोने के गहने देकर ठगी मामले में दो आरोपियों को गिरफतार किया गया है। आरोपियों को कोर्ट ने पांच दिन का पुलिस रिमांड दिया है। मामले में जांच जारी है।-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज