जलशक्ति विभाग के 500 करोड़ डूबे, डिप्टी सीएम बोले; जयराम का दर्द जायज,अकेले सराज में 200 करोड़ तबाह

हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से जल शक्ति विभाग को 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान सराज विधानसभा क्षेत्र में हुआ। सराज में करीब 200 करोड़ के नुकसान का आंकलन किया गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विभाग की टीमें यहां पर राहत कार्यों में जुटी हुई है। पेयजल योजनाओं को को बहाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र से हिमाचल को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र से भी हिमाचल प्रदेश को आपदा से निपटने के लिए मदद की दरकार है, तभी कुछ राहत आपदा प्रभावितों को मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में सरकार ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वह खुद भी मंडी जिला का दौरा करने के लिए गए थे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सराज विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं, उनका दर्द भी जायज है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपदा में राजनीति नहीं करती है।
संगठन के गठन में नहीं होनी चाहिए देरी
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष किसे बनाया जाता है, यह पार्टी हाईकमान तय करेगा। संगठन के गठन में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। पार्टी हाईकमान को अब शीघ्र संगठन का गठन करे, ताकि पार्टी की गतिविधियों व कार्यक्रमों का संचालन किया जा सके।
एचआरटीसी कर्मियों की देनदारियों का भी भुगतान
मुकेश ने कहा कि एचआरटीसी के चालक-परिचालकों की देनदारियों का जल्द भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को वेतन जारी कर दिया गया है। पेंशन भी लगातार दी जा रही है। कर्मचारियों की जो मांगे हैं , उनका निपटारा कर दिया जाएगा। निगम के प्रबंध निदेशक इसको लेकर बैठक करेंगे।



