देश दुनिया-जम्मू कश्मीर के उधमपुर के कदवा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया है। जानकारी के अनुसार जवानों को ले जा रहा 187 बटालियन का वाहन गहरी खाई में गिर गया। यह हादसा उस समय हुआ जब जवान सुबह 10:30 बजे अभियान समाप्त कर बसंतगढ़ लौट रहे थे। वाहन में कुल 18 जवान सवार थे। इस दुर्घटना में 2 जवान शहीद हो गए हैं,जबकि बाकी के जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों को तत्काल निकटवर्ती अस्पताल में पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमों द्वारा तेजी से बचाव कार्य किया जा रहा है।

वही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िला के बसंतगढ़ क्षेत्र में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों से भरी बस के खाई में गिरने की हृदयविदारक घटना में कई वीर जवानों के शहीद होने और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत दु:खद है।देश हमेशा अपने अमर शहीदों का ऋणी रहेगा। मेरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं।
ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने का साहस एवं संबल प्रदान करें। मैं प्रभु से सभी घायल जवानों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।




