Search
Close this search box.

आनी के खेनवी कैंची के पास एक जीप दुर्घटनाग्रस्त , खाई में जा गिरी जीप, दो नेपाली मजदूरों की मौत, चालक सहित दो गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी उपमंडल में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटासरी पंचायत के अंतर्गत खेनवी कैंची मोड़ के पास हुआ, जब सेब की पेटियां लादकर जा रही बोलेरो पिकअप (नंबर HP 95-0776) अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जीप में चालक संजीव कुमार सहित तीन नेपाली मूल के मजदूर सवार थे। यह गाड़ी सेब लेकर लाफूघाटी जा रही थी, लेकिन खेनवी कैंची मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खाई में जा गिरा।

मृतकों की पहचान
बालकृष्ण ओली पुत्र बल बहादुर वली, निवासी कालीमाटी, नेपाल
टेक बहादुर कामी पुत्र लोक बहादुर कामी, निवासी नेपाल
दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

घायलों की स्थिति
संजीव कुमार पुत्र माधो राम, निवासी थानाधार, शिमला
दीपक खड़का (11 वर्ष), पुत्र तुला राम खड़का, निवासी चारमोरी धारे, नेपाल
दोनों घायल वर्तमान में रामपुर अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन ने जताया दुख, सहायता का भरोसा
एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा हादसे की पूरी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई।

स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।

कुल्लू की पहाड़ियों में पेश आया यह हादसा एक बार फिर से बताता है कि पर्वतीय क्षेत्रों में ड्राइविंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी की आवश्यकता है। खासकर सेब सीजन के दौरान जब परिवहन गतिविधियां बढ़ जाती हैं, तब दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज