Search
Close this search box.

चुराह में बड़ा हादसा टला: चलती बस पर गिरा भारी पत्थर, दो यात्री घायल, चालक की सूझबूझ से बची कई जानें

चंबा, हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नकरोड-चांजू संपर्क मार्ग पर चलती एक निजी बस पर पहाड़ी से भारी-भरकम पत्थर गिर गए। घटना में दो सवारियां मामूली रूप से घायल हुई हैं, जबकि चालक की सूझबूझ से बस में सवार करीब 30 यात्रियों की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी बस चांजू से तीसा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस चौरसियो नामक स्थान पर पहुंची, अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान एक बड़ा पत्थर बस की छत को तोड़ता हुआ चालक सीट के पास अंदर आ गिरा। सौभाग्य से वह हिस्सा खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जैसे ही जोरदार धमाके के साथ पत्थर गिरा, बस में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। बस कुछ क्षण के लिए अनियंत्रित हो गई थी, लेकिन चालक ने हिम्मत और होशियारी से बस को सुरक्षित रोक लिया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

प्रशासन ने दी जानकारी
एसडीएम चुराह अंकुर ठाकुर ने बताया कि घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं। प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर भूस्खलन संभावित क्षेत्र की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर से यह दिखाता है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान खतरे हर मोड़ पर मौजूद रहते हैं। स्थानीय प्रशासन से यह उम्मीद की जा रही है कि इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को पुख्ता किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज