Search
Close this search box.

कांगड़ा में आदर्श गांव योजना के तहत 60 गांव बने मॉडल विलेज, 3.94 करोड़ की राशि स्वीकृत

धर्मशाला, केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल रही है। जिला प्रशासन ने जिले के 64 चयनित गांवों में से 60 को आदर्श गांव घोषित कर दिया है। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के समग्र विकास हेतु ₹3.94 करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने दी।

उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जातियों की आबादी वाले गांवों में बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति करना, सामाजिक असमानताओं को कम करना और बहुआयामी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “आदर्श ग्राम एक ऐसी संकल्पना है जहां समाज के सभी वर्गों को समान अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हों। इस योजना से सामाजिक न्याय की अवधारणा साकार हो रही है।”

समेकित विकास के 10 प्रमुख क्षेत्र प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए 10 प्रमुख कार्यक्षेत्रों पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें शामिल हैं:
पेयजल और स्वच्छता
शिक्षा,स्वास्थ्य और पोषण,सामाजिक सुरक्षा,ग्रामीण सड़कें और आवास,विद्युत और स्वच्छ ईंधन,कृषि पद्धतियां,वित्तीय समावेशन,डिजिटलीकरण,कौशल विकास व जीवन यापन

इन क्षेत्रों में 50 निगरानी योग्य संकेतकों के आधार पर गांवों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। जिन गांवों को 70 अंक या उससे अधिक प्राप्त होते हैं, उन्हें “आदर्श ग्राम” घोषित किया जाता है।
ग्राम विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अभिसरण समिति की समीक्षा बैठक के दौरान निम्न ग्राम विकास योजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया:
विकास खंड इंदौरा का गांव मोहटली
विकास खंड रैत का गांव दरगेला
विकास खंड देहरा का गांव पन्यामल
विकास खंड इंदौरा का गांव बाड़ी खास

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त बैरवा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों के साथ समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं और योजनाओं को निर्धारित समय पर पूर्ण किया जाए।

उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, जिला स्तरीय अन्य विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित ग्राम पंचायत सचिव भी उपस्थित रहे।

जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला ने जानकारी दी कि प्रत्येक आदर्श गांव की पहचान उन गांवों के रूप में की गई है, जिन्होंने सभी निर्धारित मानकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज