
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ‘वोट चोर, कुर्सी छोड़’ अभियान को तेज कर दिया है। इस सिलसिले में कांग्रेस 22 अगस्त को दोपहर 12 बजे शिमला स्थित राजीव भवन से एक विशाल विरोध रैली आयोजित करने जा रही है। यह रैली अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर होगी।
रैली में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी, कांग्रेस विधायक, मंत्री, बोर्डों-निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, जिला-खंड स्तरीय पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों के नेता और हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे।
कांग्रेस का यह अभियान देशभर में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी ने इसे एक राजनीतिक आंदोलन के रूप में तेज किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से रैली में भाग लेने की अपील की है और कहा कि यह समय भाजपा की जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का है।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल 21 से 23 अगस्त तक शिमला के दौरे पर रहेंगी। वह 21 अगस्त की रात को पहुंचेंगी और उसी दिन विधायक दल की बैठक में भाग लेंगी। 22 अगस्त को अग्रणी संगठनों से मुलाकात करने के बाद वह रैली में भाग लेंगी। 23 अगस्त को शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर वह चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी।



