Search
Close this search box.

भूस्खलन के चलते धर्मशाला रोपवे परियोजना पर अस्थायी रोक, प्रशासन ने सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

धर्मशाला। धर्मशाला में भूस्खलन की घटना के बाद प्रशासन ने रोपवे परियोजना की सभी गतिविधियों पर तात्कालिक प्रभाव से अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। उपायुक्त कांगड़ा एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए लिया है। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के अंतर्गत जारी किया गया है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मशाला की रिपोर्ट में बताया गया कि रोपवे के पिलर संख्या 5 के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे रोपवे संचालन से यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। इसके चलते उपायुक्त ने रोपवे संचालन एजेंसी को सभी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोकने और आदेशों की पूरी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, उपायुक्त ने एक तकनीकी समिति गठित करने के निर्देश भी दिए हैं, जिसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के भू-वैज्ञानिक विशेषज्ञों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। यह समिति दो दिनों के भीतर मौके का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।

रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि रोपवे की गतिविधियों को आगे भी निलंबित रखा जाए या फिर संचालन दोबारा शुरू किया जाए। उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक और एसडीएम धर्मशाला को भी आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का जोखिम उठाना स्वीकार्य नहीं होगा।

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज