Search
Close this search box.

पानी भी हमारा, उजड़े भी हम”: पौंग डैम से नुकसान पर BBMB के खिलाफ एफआईआर, सीएम सुक्खू ने जताई सख्ती

पौंग डैम से बार-बार अत्यधिक पानी छोड़े जाने के कारण हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा कदम उठाते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। संसारपुर टैरेस में यह एफआईआर दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा, “पानी भी हमारा और उजड़े भी हम, अब यह और सहन नहीं होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद BBMB डैम सिक्योरिटी से जुड़े आवश्यक उपाय नहीं अपना रहा है।

सुप्रीम कोर्ट में चल रही है लड़ाई

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में विधायक मलेंद्र राजन द्वारा नियम 62 के तहत लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सुप्रीम कोर्ट में भी अपने जल और बिजली अधिकारों को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहा है, जिसकी सुनवाई सितंबर में होनी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार इस मामले में अनदेखी कर रही है।

हर साल हो रहा भारी नुकसान
सीएम सुक्खू ने कहा कि डैम से बिना पूर्व तैयारी के पानी छोड़े जाने से हर साल भारी तबाही होती है। इस बार फतेहपुर में 60 हेक्टेयर और इंदौरा में 100 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। फतेहपुर में 23 परिवारों को रेस्क्यू भी करना पड़ा है।

केंद्र और पड़ोसी राज्यों पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने BBMB की परियोजनाओं के लिए अपनी भूमि, संसाधन और जनता की आहुति दी, लेकिन बदले में आज तक उचित हक और मुआवजा नहीं मिला। पड़ोसी राज्य भी इस मुआवजे और अधिकार के मामले में अड़चनें पैदा कर रहे हैं।

डैम सुरक्षा पर लापरवाही
राष्ट्रीय स्तर की डैम सिक्योरिटी कमेटी की गाइडलाइंस होने के बावजूद BBMB उनका पालन नहीं कर रहा है। ऊर्जा निदेशालय बार-बार यह मुद्दा उठाता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती।
अब राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी अगर ऐसी घटनाएं हुईं तो BBMB के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्य बातें संक्षेप में:
पौंग डैम से नुकसान पर BBMB के खिलाफ एफआईआर दर्ज
सुप्रीम कोर्ट में हिमाचल का हक पाने के लिए कानूनी लड़ाई
हर साल भारी नुकसान, प्रभावित क्षेत्र: फतेहपुर और इंदौरा
डैम सुरक्षा पर BBMB की लापरवाही
केंद्र और पड़ोसी राज्यों पर अनदेखी के आरोप

Kullu Update
Author: Kullu Update

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज