
शिमला,हिमाचल प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री और कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपनी शादी को लेकर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपने प्रदेशवासियों का आभार जताया और साथ ही अपनी होने वाली दुल्हन डॉ. अमरीन कौर के साथ AI-जनरेटेड फोटो भी साझा की।
विक्रमादित्य सिंह ने पोस्ट में लिखा:
“प्रदेश के 75 लाख साथी हमारा परिवार हैं। आप सभी के प्यार, आशीर्वाद एवं शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद। जय श्री राम।”
उन्होंने अपनी शादी की तारीख #22September हैशटैग के साथ मेंशन की।
कौन हैं अमरीन कौर?
डॉ. अमरीन कौर चंडीगढ़ के सेक्टर-2 की रहने वाली हैं। वे पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के मनोविज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। खास बात यह है कि उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से पढ़ाई की है।
उनके पिता जोतिंदर सिंह सेखों पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं, जबकि माता उपिंदर कौर सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं।
विक्रमादित्य सिंह की यह दूसरी शादी है
विक्रमादित्य सिंह की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी मार्च 2019 में राजस्थान के राजघराने से ताल्लुक रखने वाली सुदर्शना सिंह से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया और 2020 में तलाक हो गया।
डॉ. अमरीन कौर के साथ उनकी शादी 22 सितंबर 2025 को चंडीगढ़ में होने जा रही है। यह शादी राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
विक्रमादित्य सिंह का राजनीतिक सफर
विक्रमादित्य सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं।
उन्होंने शिमला के बिशप कॉटन स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ली और दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया।
वे साल 2017 में शिमला ग्रामीण से पहली बार विधायक चुने गए।
मौजूदा सरकार में वे लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री के पद पर कार्यरत हैं।
सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फॉलोइंग है और युवा वर्ग में खासे लोकप्रिय हैं।
राजनीति से लेकर व्यक्तिगत जीवन तक चर्चा में रहने वाले विक्रमादित्य सिंह की इस नई पारी की शुरुआत को लेकर उनके समर्थकों और प्रदेशवासियों में उत्साह है। अब सभी की नजरें 22 सितंबर की शादी समारोह पर टिकी हैं, जो चंडीगढ़ में बड़े स्तर पर आयोजित होने की उम्मीद है।



