
आनी हिमाचल प्रदेश के आनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भारी बारिश ने कहर बरपाया। कराड़ पंचायत के पटारना गांव में भूस्खलन के कारण तीन मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए। मलबे में दो महिलाएं दब गईं, जिनमें से शारदा देवी का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि लीलू देवी अब भी लापता हैं। एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किए और मृतक के परिजनों को ₹25,000, घायल को ₹2,500, और मकान क्षति के लिए ₹10,000 की तात्कालिक सहायता प्रदान की। एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ और तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा ने कठिन पैदल मार्ग पार कर घटनास्थल का दौरा किया।
विधायक लोकेंद्र कुमार भी विधानसभा सत्र को बीच में छोड़कर प्रभावित गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की।
इसी बीच, बुछैर पंचायत के खादवी गांव में भी कई घर भूस्खलन की चपेट में आ गए। जोगिंद्रपाल, चंद्र पाल और कमलेश के मकानों को नुकसान पहुंचा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।
अन्य घटनाएं और सड़कें बंद, सरट गांव में भी मकानों पर खतरा मंडरा रहा है, देउरी खड्ड के छनौट नाले में एक कार बह गई, आनी-कुल्लू मार्ग और आनी से चवाई, तराला, बश्ता आदि संपर्क मार्ग भूस्खलन से बाधित हैं, राजस्व विभाग की टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं और राहत कार्य जारी है।



