
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को दोपहर दो बजे शुरू होगा। सत्र का यह 11वां दिन होगा और इसमें स्वाभाविक रूप से पिछले दिनों राज्य में आई आपदाओं बादल फटना, भूस्खलन और बाढ़ पर चर्चा जोरदार तरीके से गूंजेगी।
प्रश्नकाल से लेकर चर्चा तक आपदा का मुद्दा
सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें आपदा से जुड़े सवाल और अनुपूरक प्रश्न उठेंगे। इसके बाद शून्यकाल और अन्य नियमों के तहत भी आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।
चार विधेयक होंगे पेश
सोमवार को सदन में चार महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे:
हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक 2025
हिमाचल प्रदेश सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक 2025
रजिस्ट्रीकरण हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
इन विधेयकों को पारित करने के प्रस्ताव मंगलवार को, यानी मानसून सत्र के अंतिम दिन, किए जाएंगे।
लोक उपयोगिताओं पर प्रतिबंध विधेयक भी आएगा
सदन में सोमवार को हिमाचल प्रदेश लोक उपयोगिताओं के परिवर्तन का प्रतिषेध विधेयक 2025 को पारित करने का भी प्रस्ताव रखा जाएगा।
विपक्ष और सत्ता पक्ष रखेंगे प्रस्ताव
कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया संसाधन जुटाने के लिए नीति बनाने का प्रस्ताव रखेंगे।
भाजपा विधायक बिक्रम सिंह अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न समस्याओं पर नीति बनाने की मांग करेंगे।
कल होगा सत्र का समापन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का यह 12 दिवसीय मानसून सत्र मंगलवार को समाप्त होगा। यह चौदहवीं विधानसभा का 12वां और प्रदेश के इतिहास का चौथा सबसे लंबा सत्र माना जा रहा है।



