
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले का परवाणु शहर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय गौरव बढ़ाया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रदेश को यह प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया।
यह सर्वेक्षण भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत किया गया था। तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में परवाणु ने उत्कृष्ट वायु गुणवत्ता बनाए रखने के लिए देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल प्रदेश को 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि यह सफलता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए किए गए ठोस कदमों का नतीजा है। परवाणु शहर की यह उपलब्धि न केवल प्रदेशवासियों के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को दर्शाती है, बल्कि भविष्य में नवाचार पहल को भी प्रोत्साहित करेगी।
यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान प्रदेश को पर्यावरणीय संरक्षण और जन स्वास्थ्य की दिशा में सकारात्मक पहल करने की प्रेरणा देगा।



